Phenomenal Woman या 'सम्पूर्ण स्त्री' (Hindi)
R
0
Altın Yaprak
मोहक महिलायें विस्मित हैं कि राज़ कहाँ है छिपा मेरा,
न तो मैं हूँ आकर्षक न फैशन मॉडल सी ही काया है
किंतु उन्हें जब बतलाना आरम्भ करूँ तो,
सब कहतीं मैं ही झूठी हूँ.
मैं कहती हूँ,
यह तो मेरे बाजुओं की पहुँच में है
और है मेरे नितम्बों के वलय में
मेरे कदमों और लम्बे डग में है,
मेरे होठों की गोलाई में है,
मैं हूँ एक स्त्री
सर्वगुण-संपन्न.
सम्पूर्ण स्त्री,
यानि कि मैं.
मैं कमरे में चलती हूँ
इतनी शांत कि जितना कोई हो सकता है,
और किसी पुरुष के लिए,
संगी साथ खड़े होते या
घुटनों के बल झुक जाते हैं,
तब वो मुझे घेरने लग जाते हैं,
जैसे छत्ता मधुमक्खियों का हो कोई.
मैं कहती हूँ,
मेरे नेत्रों की ज्वाला है यह,
और दंत-पंक्ति की धवल कांति है,
मेरी कमर की शोखी है,
और मेरे पगों का हर्षातिरेक है.
मैं एक स्त्री हूँ
सर्वगुण-संपन्न.
सम्पूर्ण स्त्री,
यानि कि मैं.
मर्दों को तो स्वयं बड़ी हैरानी थी
क्या है मुझमें जिसे देखते वो रहते हैं.
बड़ी कोशिशे करने पर भी
मेरे अंतर के रहस्य को
छूने में अक्षम पाते हैं खुद को
उन्हें दिखाना भी चाहूँ तो
कह देते हैं नज़र नहीं आता है अब भी.
मैं कहती हूँ,
मेरी कमर की जुम्बिश है यह,
मुस्कानों की धूप है यह,
मेरे वक्षों का उन्नत उभार है यह,
मेरे किरदार की शोभा है यह.
मैं हूँ एक स्त्री.
सर्वगुण-संपन्न
सम्पूर्ण स्त्री,
यानि कि मैं.
अब आपकी समझ में आया
कि क्यों नहीं झुकता कहीं भी शीश मेरा
न मैं चिल्लाती हूँ न उछलकूद ही करती रहती
या सचमुच ही बड़े ज़ोर से बातें करती.
जब तुम मुझे यहाँ से गुज़रते देखो
तुम्हे गर्व का अनुभव होना चाहिए.
मैं कहती हूँ,
यह तो मेरी एड़ियों की आवाज में है,
मेरे बालों की लहरों में,
मेरे हाथों की हथेलियों में,
मेरी सुश्रुषा की आवश्यकता में,
क्योंकि मैं एक स्त्री हूँ
सर्वगुण-संपन्न.
सम्पूर्ण स्त्री,
यानि कि मैं.
- - - - -
Original English Poem by Maya Angelou
Hindi Translation by Rajnish Manga
- - - - - - -
(Faridabad, India)
(November 23,2014)
Bu şiiri puanla
Henüz puan verilmemiş